वाराणसी – बिडवार प्रीमियर लीग में नन्हे क्रिकेटरों ने दिखाया दम, जूनियर में सीसीसी रुद्रास और सीनियर में यूनिक अवेंजर्स बने चैंपियन।
आदित्य श्रीवास्तव की तूफानी पारी से यूनिक अवेंजर्स सीनियर ने रोमांचक फाइनल में सनबीम एकेडमी को तीन रन से हराया
वाराणसी :- सिगरा स्थित पिच एंड पैडल में आयोजित बिडवार प्रीमियर लीग (BPL) — किड्स बॉक्स क्रिकेट एडिशन सीजन-1 के दूसरे दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। बिडवार एवं केवी टेकमीडिया की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में नन्हे खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन किया। जूनियर वर्ग में सीसीसी रुद्रास जूनियर और सीनियर वर्ग में यूनिक अवेंजर्स सीनियर ने खिताब अपने नाम किया।
सीनियर वर्ग का फाइनल यूनिक अवेंजर्स सीनियर और सनबीम एकेडमी सीनियर के बीच खेला गया। यूनिक अवेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बिना कोई विकेट गंवाए छह ओवर में 60 रन बनाए। टीम के ओपनर आदित्य श्रीवास्तव ने आक्रामक अंदाज में 21 गेंदों पर 42 रन बनाए, जबकि दिव्यांश सिंह ने 13 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनबीम एकेडमी सीनियर की शुरुआत खराब रही। तीन ओवर में 22 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद किरण कुमार सिंह ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बटोरे और मुकाबले को रोमांचक मोड़ पर पहुंचा दिया। उनके प्रयासों से टीम जीत के करीब पहुंची, लेकिन यूनिक अवेंजर्स के खिलाड़ियों ने दबाव के बीच अपना संयम बनाए रखा और तीन रन से खिताब अपने नाम कर लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए आदित्य श्रीवास्तव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
जूनियर वर्ग के फाइनल में सीसीसी रुद्रास जूनियर ने लोटस फिट इन जूनियर को छह विकेट से हराकर खिताब जीता। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सीसीसी रुद्रास के सामने लोटस फिट इन की शुरुआत बेहद खराब रही। 3.3 ओवर में टीम पांच रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। इस मुश्किल स्थिति में विभोर बेरी ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 19 रन तक पहुंचाया और सीसीसी रुद्रास के सामने 20 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में सीसीसी रुद्रास जूनियर ने लक्ष्य हासिल कर लिया। आठ रन बनाने और एक विकेट लेने वाले अथर्व शर्मा को फाइनल का मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
जूनियर वर्ग के पहले सेमीफाइनल में—— लोटस फिट इन जूनियर ने काशी स्ट्राइकर्स जूनियर को तीन विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस मुकाबले में रितिक राठौर ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 22 रन बनाने के साथ एक विकेट भी हासिल किया। दूसरे सेमीफाइनल में सीसीसी रुद्रास जूनियर ने सनबीम सनसिटी जूनियर को पांच विकेट से हराया। तीन विकेट लेने वाले अथर्व शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सीनियर वर्ग के पहले सेमीफाइनल में यूनिक अवेंजर्स सीनियर ने सनबीम सनसिटी सीनियर को 12 रनों से हराया। सनबीम सनसिटी के ऐश्वर्या मित्तल ने 18 गेंदों पर नाबाद 24 रन की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे सेमीफाइनल में सनबीम एकेडमी सीनियर ने सीसीसी रुद्रास सीनियर को 13 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस मुकाबले में आयुष मीणा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को क्रिकेट के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना विकसित करना है। इस लीग के माध्यम से बच्चों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के अनुभव से सीखने का अवसर मिला।

