बिडवार प्रीमियर लीग में नन्हे क्रिकेटरों का दमदार प्रदर्शन बल्लेबाजों का दबदबा, बाद के मुकाबलों में गेंदबाजों ने दिखाया दम।
वाराणसी :- 10 अक्टूबर। सिगरा स्थित पिच एंड पैडल में शनिवार को बिडवार प्रीमियर लीग (BPL) — किड्स बॉक्स क्रिकेट एडिशन सीजन-1 का शुभारंभ हुआ। बिडवार एवं केवी टेकमीडिया की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के पहले दिन जूनियर कैटेगरी (कक्षा 4 से 6) के 15 लीग मैच खेले गये।
जिनमें बच्चों ने उत्साह और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। शुरुआती चार मुकाबलों में बल्लेबाजों का दबदबा रहा और आकर्षक शॉट्स के साथ खूब रन बने। इसके बाद गेंदबाजों ने सटीक और धारदार गेंदबाजी से मैचों का रुख बदला और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। बल्लेबाजी में लोटस फीट इन के विभोर ने प्रभावित किया, जबकि सीसीसी रुद्रास के राजवीर ने अपनी गेंदबाजी से ध्यान खींचा।
पहले दिन लोटस फीट इन के विभोर और सीसीसी रुद्रास के विवेक ने दो-दो मुकाबलों में मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता। वहीं, सीसीसी रुद्रास के राजवीर, डीपीएस आरंभ के शुभ और काशी स्ट्राइकर्स के सिद्धराज को एक-एक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए यह सम्मान मिला।
लीग का उद्देश्य बच्चों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में क्रिकेट खेलने का अवसर देने के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना विकसित करना है।

