बनारस में दिखेगा नन्हे क्रिकेटरों का दम, 10-11 अक्टूबर को बिडवार प्रीमियर लीग (BPL) ।
कक्षा 4 से 9 तक के बच्चे लेंगे हिस्सा, प्रोफेशनल लीग जैसा मिलेगा क्रिकेट का अनुभव।
वाराणसी :- बनारस में क्रिकेट के प्रति जुनून को कम उम्र में सही मंच देने की पहल के तहत बिडवार एवं केवी टेकमीडिया की ओर से बिडवार प्रीमियर लीग–किड्स बॉक्स क्रिकेट एडिशन सीजन-1 का आयोजन किया जा रहा है।
दो दिवसीय प्रतियोगिता 10 और 11 अक्टूबर 2026 को सिगरा स्थित पिच एंड पैडल में होगी। आयोजन को हेरिटेज हॉस्पिटल्स तथा वीएनएस लाइव स्टूडियो का सहयोग प्राप्त है। हिंदी की लोकप्रिय कहावत “पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं” इस आयोजन की मूल भावना को सामने रखती है। ये बच्चे सिर्फ क्रिकेट खेलने के लिए मैदान में नहीं उतरेंगे, बल्कि अपने हुनर, आत्मविश्वास और सपनों को नई उड़ान देने के लिए खेलेंगे।
किसी के लिए यह पहला बड़ा मुकाबला होगा तो किसी के लिए खुद को साबित करने का पहला मौका। बल्ले से निकला हर शॉट, गेंद की हर दिशा और मैदान पर लिया गया हर फैसला उनके लिए सीख का हिस्सा बनेगा। टीम के साथ खेलते हुए वे एक-दूसरे का साथ देना, जिम्मेदारी निभाना और दबाव में संयम रखना सीखेंगे। जीत उन्हें आगे बढ़ने का हौसला देगी तो हार उन्हें दोबारा मेहनत करने की प्रेरणा देगी।
बिडवार प्रीमियर लीग बच्चों के लिए सिर्फ एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और बड़े सपनों की ओर पहला कदम बढ़ाने का अवसर बनेगी। प्रतियोगिता में कक्षा 4 से 9 तक के बच्चे दो आयु वर्गों में हिस्सा लेंगे। पहले वर्ग में कक्षा 4 से 6 (8 से 11 वर्ष) तथा दूसरे वर्ग में कक्षा 7 से 9 (12 से 14 वर्ष) के बच्चे शामिल होंगे।
प्रत्येक टीम में आठ खिलाड़ी होंगे, जबकि मुकाबले में सात खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। टीमों के साथ एक मेंटर भी होंगे, जो खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। प्रत्येक टीम को कम से कम तीन लीग मैच खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का संचालन बिडवार प्रीमियर लीग कमेटी के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
स्कूल, अकादमी और क्लबों की टीमें लेंगी हिस्सा :-प्रतियोगिता में वाराणसी के विभिन्न स्कूलों, क्रिकेट अकादमियों और क्लबों की टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें सनबीम सनसिटी, यूनिक एकेडमी, केयर एंड करियर, दिल्ली पब्लिक स्कूल, लोटस फीट इन, इशिता स्कूल, सनबीम अन्नपूर्णा और सनबीम एकेडमी शामिल हैं।
आयोजन की खासियत बच्चों को प्रोफेशनल क्रिकेट लीग जैसा माहौल देना है। टीम जर्सी, स्कोरिंग, लाइव स्ट्रीमिंग और दर्शकों के बीच मुकाबलों के साथ डांस परफॉर्मेंस, आतिशबाजी और अन्य कार्यक्रम भी होंगे। प्रतिभागी बच्चों के लिए रिफ्रेशमेंट की भी व्यवस्था रहेगी।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में क्रिकेट के साथ टीमवर्क, नेतृत्व, रणनीति, अनुशासन और खेल भावना विकसित करना है। प्रोफेशनल लीग जैसे माहौल में खेलने से उन्हें मैदान पर निर्णय लेने, दबाव का सामना करने और जीत-हार से सीखने का अनुभव मिलेगा, जो उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में भी मददगार होगा।
BPL का आयोजन बिडवार के संस्थापक एवं CWP Detailers के संस्थापक तुषार सारस्वत और KVTech Media के संस्थापक सिद्धार्थ सिंह बिसेन की पहल पर किया जा रहा है। बिडवार स्पोर्ट्स मैनेजमेंट, ऑक्शन एवं क्रिकेट स्कोरिंग सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म है। आयोजकों ने अभिभावकों, स्कूलों, क्रिकेट अकादमियों, क्लबों और खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

