जमानियां। कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने ही दामाद और अन्य आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तीन नामजद और दो अज्ञात के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
बता दे कि खिजिरपुर अलीनगर निवासी गीता यादव पत्नी फूलेश्वर यादव ने थानाध्यक्ष जमानियां को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री प्रीति रोज की शादी 28 मई 2023 को अरुण यादव (निवासी इजरी, थाना सुहवल, गाजीपुर) से हुई थी। अरुण यादव भारतीय तटरक्षक बल में नाविक के पद पर कार्यरत है। पीड़िता के अनुसार, शादी के दूसरे दिन से ही अरुण यादव दहेज की मांग को लेकर हर रोज को प्रताड़ित करने लगा। अंततः 26 जून 2023 को अरुण यादव और उसके परिवार वालों ने उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद से वह अपनी मां के घर पर रह रही है। महिला का आरोप है कि अरुण यादव चैट और फोन कॉल के जरिए अश्लील गालियां देता है और जान से मारने की धमकी देता रहता है। इसी क्रम में 24 फरवरी 2025 को शाम 5:25 बजे अरुण ने फोन कर पीड़िता की पुत्री को गाँव के ही एक व्यक्ति विनोद (निवासी कालनपुर) के घर बुलाने का दबाव बनाया। जब पीड़िता के पति ने फोन उठाया, तो अरुण ने बताया कि वह विनोद के घर पर शादी के अगुआ मुन्नु यादव और विनोद के साथ बैठा है। इसके बाद, शाम करीब 6:11 बजे अरुण यादव अपने साथ मुन्नु यादव, विनोद और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ पीड़िता के घर हथियार लेकर आया धमकाया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। पीड़िता की पुत्री को जान से मारने और घर से उठा लेने की धमकी भी दी । घटना से डरी-सहमी पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने अपने आवेदन के साथ अरुण यादव द्वारा किए गए आपत्तिजनक चैट और कॉल की रिकॉर्डिंग की छाया प्रति भी संलग्न की है। प्रभारी निरीक्षक अशेष नाथ सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर तीन नामजद अरूण‚ विनोद‚ मुन्नू और दो अज्ञात के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जांच की जा रही है।

