अपराध : नेपाल से 5 किलो चरस लेकर ट्रेन से मुंबई जा रहा युवक गिरफ्तार
जमानियां (गाजीपुर) : स्वापक नियंत्रण ब्यूरो क्षेत्रीय इकाई गोरखपुर व आरपीएफ ने गुरुवार को नेपाल से चरस लेकर मुंबई जा रहे एक युवक को ट्रेन संख्या 12142 पाटलिपुत्र – लोकमान्य सुपर फास्ट ट्रेन के बी (2) कोच से धर दबोचा ।पूछताछ के बाद टीम अभियुक्त को गाजीपुर ले गयी।
जानकारी के अनुसार स्वापक नियंत्रण ब्यूरो क्षेत्रीय इकाई गोरखपुर के स्टाफ स्थानीय स्टेशन पर उपस्थित हुए तथा बताए कि गाड़ी संख्या 12142 के कोच संख्या बी 2 में एक यात्री द्वारा चरस ले जाने की सूचना मिली है। उपरोक्त सूचना की सत्यापन हेतु स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के निरीक्षक प्रभारी महेश प्रसाद व उप निरीक्षक रवि प्रकाश यादव तथा रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट दिलदारनगर के उप निरीक्षक नवीन कुमार साथ आ. राजकुमार के द्वारा संयुक्त रूप से एक टीम का गठन किया गया तथा गाड़ी संख्या 12142 के गाड़ी के कोच संख्या बी 2 को अटेंड किया गया तो एक व्यक्ति उस पर लेटा हुआ मिला तथा उसके पास से एक काले रंग का पिट्ठू बैग बरामद हुआ। जिसको खोल कर देखा गया तो उसमें से ब्राउन रंग का प्लास्टिक से लपेटा हुआ कुल 10 अदद बंडल प्राप्त हुआ जिसको खोल कर चेक किया गया तो चरस जैसा ज्ञात हुआ। पूछने पर युवक ने अपना नाम मुरारी आनंद शर्मा निवासी मुंबई बताया। चरस नेपाल से लेकर उक्त गाड़ी के कोच संख्या बी/2 पर आरक्षण करा कर पाटलिपुत्रा से एलटीटी जा रहा था।युवक को गाड़ी से नीचे उतारा गया तथा मौके पर एनसीबी द्वारा जप्ती सूची बनाकर उक्त माल को जप्त किया गया तथा बरामद माल को मौके पर उपस्थित गवाहों के समक्ष तराजू पर तोला गया तो कुल भार 5 किलो पाया गया । बाद मौके की समस्त कार्यवाही करने के उपरांत एन सी बी द्वारा उक्त बरामद माल तथा पकड़े गए व्यक्ति को गाजीपुर मुख्यालय ले गए ।

