जो जेपी को बेच सकते हैं, उनसे क्या उम्मीद : अखिलेश यादव।
सैफई /इटावा- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रक्षाबंधन के पर्व पर सैफई में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे हमले किए।
रक्षाबंधन पर सैफई पहुंचे पूर्व सपा मुखिया अखिलेश ने वर्तमान सरकार पर किसानों, शिक्षा और बढ़ती महंगाई के मुद्दों को लेकर आड़े हाथ लिया। साथ ही सपा प्रमुख ने महिलाओं को आश्वासन देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं की रक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाएगी।
उनके उत्थान के लिए पूरे सम्मान के साथ नीतिगत निर्णय लिए जाएंगे। बीजेपी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने जयप्रकाश नारायण (जेपी) के नाम और उनके विचारों को बेच दिया है। अपने गठन के समय जेपी की तस्वीर रखकर कभी बीजेपी ने खुद समाजवादी होने का ढोंग किया था।
आज वही लोग उन्हें बेच रहे हैं। जो जेपी को बेच सकते हैं, उनसे किसी की भलाई की उम्मीद नहीं की जा सकती। महंगाई पर घेरते हुए अखिलेश ने कहा कि जहां एक तरफ चीनी के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं पेट्रोल में एथेनॉल मिलाया जा रहा है।

