पीड़ित परिवार को जमानियां कोतवाली में नहीं मिला न्याय तो एसपी से लगाई गुहार
जमानियां (गाजीपुर) : बीते 18 मार्च की सुबह दरौली व मोहमदपुर गांव के बीच अप रेलवे लाइन किनारे मच्छरमारा गांव निवासी निरंजन कुमार का आधा शव मिला था।दादा राम भजन राम ने कोतवाली में तहरीर देकर पोते की हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दिया था।
लेकिन कोतवाली पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं करने को लेकर पीड़ित ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक इरज राजा का दरवाजा खटखटाया और लिखित प्रार्थना पत्र देकर गुरुवार को न्याय की गुहार लगाई है।
एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में दादा रामभजन राम ने बताया कि बीते 16 मार्च रविवार को निरंजन घर से निकल गया। देर शाम जब मोबाइल पर संपर्क किया गया तो वह बताया कि मैं लुटिया ननिहाल जा रहा हूँ। अगले दिन 17 मार्च सोमवार को पता चला कि वह लुटिया ननिहाल नहीं गया है। शाम को फिर उसके मोबाइल पर जब संपर्क किया गया तो उसने जो बताया, उसे सुन कर हम लोग घबरा गए, उसने बताया कि तियरी गांव में मुझे एक लड़की के घर में बंधक बनाया गया है और मेरी जान को खतरा है। फिर उसने मैसेज भेजा कि मुझे आकर यहां से ले जाइए। इस पर जब हम लोग तियरी गांव पहुंचे और उसकी खोजबीन की तो वहां कुछ पता नहीं चला। लेकिन अगले दिन मंगलवार की सुबह रेल पटरी पर निरंजन का शव मिला। इस घटना से यह स्पष्ट है कि निरंजन की ट्रेन से कर मौत नहीं बल्कि उसकी हत्या कर उसके शव को ट्रेन के आगे फेंक दिया गया है। ताकि लोगों को लगे कि उसने आत्महत्या कर लिया है।दूसरे दिन कोतवाली में नामजद तहरीर दिया गया लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।पीड़ित ने बताया कि पोते के हत्यारे पकड़े जाय इसलिए एसपी को प्रार्थना पत्र दिया हूँ।

