जमानियाँ (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नईबाजार मोड़ स्थित शहीद बाबा मजार के पास मंगलवार को जान लेवा हमला कर भतीजे को गम्भीर रूप से घायल कर देने पर चाचा ने ग्राम प्रधान सहित पांच अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई।
चाचा जवाहिर राम निवासी ग्राम गायघाट ने आरोप लगाया कि बीते 29 जनवरी को हमारे यहां आयोजित ब्रह्मभोज में कुछ लोग मारपीट करने लगे तथा गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिये। थाना में तहरीर देने के उपरान्त विपक्षीगणों से समझौता की बात चल रही थी। उसी बात को लेकर भतीजा मुलायम उर्फ संजीव को शहीद बाबा मजार के पास रोकवाकर कुछ लोगों संग ग्राम प्रधान धर्मेन्द्र कुशवाहा ने जानलेवा हमला कर गम्भीर रुप से घायल कर दिये। कोतवाली प्रभारी अशेषनाथ सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

