जमानिया। स्थानीय कोतवाली में बृहस्पतिवार को पुलिस कर्मचारियों द्वारा झंडा दिवस मनाया गया।कोतवाली प्रांगण में क्राइम इंस्पेक्टर दिग्विजय नाथ तिवारी ने पुलिस ध्वज को फहराया और सभी पुलिस कर्मियों ने पुलिस ध्वज को सलामी दी।

प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने पुलिस कर्मियों को बताया कि 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर व ध्वज प्रदान किया गया था। ध्वज का आकार 04 फीट लंबा एवं 03 फीट चौड़ा है। ध्वज में दो रंग है जिसमें ऊपर लाल रंग एवं नीचे की ओर नीला रंग है। यह ध्वज पुलिस के चरित्र को दर्शाता है। जिससे हमने देश सेवा एवं लोक सेवा में अपने कौशल, शौर्य व कर्तव्य परायणता से अप्रतिम योगदान दिया है। यह ध्वज हमारे लिए प्रेरणादाई है। इस ध्वज के फहराने मात्र से हम सभी में एक नई ऊर्जा का संचार होता है। हम सबके लिए गर्व की बात है की उत्तर प्रदेश पुलिस पूरे भारतवर्ष का प्रथम राज्य पुलिस बल है जिसे पुलिस ध्वज प्रदान किया गया है।

वही क्राइम इंस्पेक्टर दिग्विजय नाथ ने सभी पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित भी किया, उन्होंने कहा कि केवल अपराधों पर काबू पाना या अपराधियों को पकड़ने का काम पुलिस का नहीं है पुलिस को सामाजिक कार्यों में भी हिस्सा लेना चाहिए।
इस अवसर पर एसएसआई अरविंद कुमार, एसएसआई संदीप कुमार, एसएसआई आनंद भारती, अन्य पुलिस कर्मचारी सहित पुरुष व महिला आरक्षी मौजूद रहे।

