जमानिया, चुनावी महासमर को लेकर जनप्रतिनिधियों का धार्मिक आयोजनों की ओर दे रहे हैं ध्यान।
जमानिया :- स्थानीय विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सियासत को गति प्रदान करने के लिए धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सत्ता पक्ष व विपक्ष के नेताओं की आवाजाही तेज हो गई है तथा चुनावी महासमर के मद्देनजर नेतागण धार्मिक आयोजनों में सिरकत कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करते हुए टिकट के प्रबल दावेदार के रूप में प्रस्तुत कर रहे है।
माँ दुर्गा पंडाल में माँ का आशीर्वाद लेने व रामलीला मंच पर भगवान श्रीराम की आरती करते सभी प्रमुख पार्टियों के नेतागण दिखाई दे रहे है तथा विकास के मुद्दे पर अपना बयान देकर जनता के दिल में बसने की होड़ सी मच गई है।
रविवार की देर शाम बरूईन मोड़ स्थित दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे बहुजन समाज पार्टी के नेता परवेज खाँ ने माँ दुर्गा का दर्शन-पूजन कर भाजपा और सपा पर तीखा हमला हुए कहा कि क्षेत्र पिछले 25-30 वर्षों से विकास के मामले में पिछड़ा हुआ है।
वहीं स्टेशन बाजार स्थित रामलीला में पहुंचे पूर्व मंत्री व जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह के पुत्र रितेश सिंह ने भगवान श्रीराम की आरती कर व स्टेशन परिसर स्थित माँ दुर्गा पंडाल सहित लोहटिया माँ दुर्गा पंडाल में माँ का आशीर्वाद प्राप्त कर निकलते वक्त पत्रकारों के सवाल पर विकास को लेकर सवाल उठाने वालों पर तंज कसते हुए तीखे अंदाज में कहा कि यदि भाजपा के लोग विकास को लेकर सवाल उठाते तो वह उन्हें बेहतर जवाब देते, क्योंकि पिछले 10-12 वर्षों से सत्ता की ताकत भाजपा के पास है।
उन्होंने कहा कि बसपा फिलहाल मुख्य राजनीतिक मुकाबले के केंद्र में नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “गंभीर लोगों को गंभीर विषय पर जवाब दिया जाता है, हल्के लोगों को मैं गंभीर विषय पर क्या जवाब दूं?” आगे उन्होंने कहा कि जिन्हें जमानियां में विकास दिखाई नहीं देता, उन्हें अपना चश्मा ठीक कराने की जरूरत है। परिसिमन बदले के बाद सन् 2012 से 2017 तक मात्र पांच वर्षो में युवाओं को रोजगार, स्टेडियम, नवीन अस्पताल, विद्यालय, नवीन पावर हाउस, ट्रान्सफार्मर की क्षमता वृद्धि, किसानों के हित में सिंचाई के संसाधन बढ़ाने, गंगा कटान रोकने के साथ ही गंगा पर पक्का घाट, कर्मनाशा पर पक्का घाट बनाकर पूरे क्षेत्र का सर्वागीण विकास किया गया।
अब सत्ता भाजपा के हाथ में है और एक विधायक जितना कार्य कर सकता है, उससे कही अधिक विकास कराने का कार्य किया गया है, ताकि सम्मानित जनता को कोई दिक्कत का सामना न करना पड़े। बैकुंठ धाम का जिक्र करते हुए उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि वहां आने वाले व्यक्ति को भी विकास महसूस हो जाएगा। उन्होंने विकास का दावा करते हुए विरोधियों पर अचूक निशाना साधा।
उक्त मौके पर विधान सभा उपाध्यक्ष प्रमोद यादव, सभासद मनीष यादव, सभासद रजनीकांत उपाध्याय, पूर्व सभासद कालिका,रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंकज निगम, उपाध्यक्ष शंकर शर्मा, उमा जायसवाल, बावन सिंह सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

