नंदगंज में विगत एक सप्ताह से जबरदस्त विद्युत कटौती होने जनमानस बेहाल , जनता में बढ़ता रोष, कभी भी उतर सकती है सड़क पर।
नंदगंज- क्षेत्र में इस समय गर्मी का तापमान आसमान पर और बिजली पाताल में चले जाने से विगत एक सप्ताह से जनमानस में गर्मी से हाय तोबा मची है।बिजली की जबरदस्त कटौती से सभी लोग बेहाल है।
उधर विद्युत विभाग के लोग तेज हवा चलने और रोस्टिंग का नाम देकर पूरे दिन विद्युत कटौती कर दे रहे है। क्या विडम्बना है कि दिन में दोपहर में तेज हवा के चलते आपूर्ति ठप और हवा कम या बिल्कुल नहीं होने पर रोस्टिंग बताकर आपूर्ति ठप कर दी जा रही है। इस प्रचण्ड तथा लोहा को पिघलाने वाली गर्मी में जनजीवन बेहाल हो गया है।
वही घर में रहने वाली महिलाएँ व छोटे बच्चे उमस भरी गर्मी से जबरदस्त परेशान है। बिजली की काफी लम्बी कटौती से इन्वर्टर भी जबाब दे दे रहा है। दूसरी बात शाम को जब बिजली आती है तो रात नौ बजे तक पचासों बार ट्रिप करती रहती है। इसी बीच आये दिन विद्युत विभाग के ग्रुप में सूचना डाल दी जाती है कि फलां जगह तार टूटने से आपूर्ति बन्द कर दी गयी है।
ठीक होने पर बहाल कर दी जायेगी। यह विभाग का रोना विगत एक सप्ताह से काफी बढ़ गया है। विद्युत के तार से पेड़ की टहनियाँ टच करने को लेकर भी आपूर्ति बाधित होना एक समस्या आती रहती है। यदि विभाग के लोग बरसात से पूर्व इन टहनियों को काट छाँटकर नहीं हटाये तो बरसात में एक दिन भी आपूर्ति नहीं चल पायेगी।
लेकिन इस समस्या को लेकर विभाग के उच्च अधिकारी जहाँ मौन है तो वही कर्मचारी भी मस्त है। शासन के दबाव से विद्युत विभाग द्वारा बिजली बिल को जमा कराने में तो सक्रिय है, लेकिन विद्युत आपूर्ति सुचाररुप से देने में उदासीन बना हुआ है। जिसको लेकर क्षेत्र के जनमानस में रोष बढ़ता जा रहा है। कभी भी सड़क पर आ सकता है।

