देश के काम आने वाला हो जाता है अमर- त्रिवेणीदास शहीद शेषनाथ यादव की 25वीं पूण्यतिथि मनी।
नंदगंज /गाजीपुर- स्थानीय थाना क्षेत्र के धरवां स्थित इण्डेन गैस सर्विस गोदाम पर शहीद पार्क में गुरुवार को कारगिल शहीद शेषनाथ यादव की 25वीं पुण्यतिथि पर शहीद परिवार तथा शुभचिन्तकों द्वारा अमर शेषनाथ यादव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी गयी।

एक दिन पूर्व बुधवार को सुबह रामचरित मानस पाठ तथा हवन पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। गुरुवार को कार्यक्रम के प्रारम्भ में सुबह राष्ट्रीय तिरंगा फहराने के बाद अमर शेषनाथ यादव की प्रतिमा पर शहीद पत्नी सरोज यादव, पुत्र शिवा यादव ने पुष्पाहार चढ़ाते हुए नम आँखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भी शहीद शेषनाथ की प्रतिमा पर गुलाब पंखुड़ी अर्पित करके अपनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। तत्पश्चात शहीद शेषनाथ यादव की पत्नी सरोज यादव ने प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी क्षेत्र की 110 असहाय तथा गरीब महिलाओं को उपहार स्वरुप साड़ियां वितरित की ।
श्रद्धांजलि समारोह के मुख्य अतिथि चकेरी धाम आश्रम के महंत श्री 1008 त्रिवेणीदास जी महराज ने हर हर महादेव का उदघोष करते हुए अपने सम्बोधन में कहा कि गाजीपुर बलिदानियों की धरती है। देश को जब भी जरुरत पड़ी तो गाजीपुर के रण बाँकुरों ने जान की बाजी लगाकर दुश्मनों के छक्के छुड़ा दिये।
उन्होंने कहा कि जो देश के काम आता है, वह अमर हो जाता है। कारगिल शेषनाथ यादव उनमें से एक हैं। उनपर क्षेत्र सहित पूरे जनपद को नाज है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय कुमार ने कहा कि देश के लिए प्राणोत्सर्ग करने वाले शहीद शेषनाथ यादव के साथ अन्य सभी शहीदों को भी मैं नमन करता हूँ। उनके बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा।
बल्कि वे सभी नौजवानों के प्रेरणास्रोत रहेगें। विशिष्ट अतिथि डा० गजाधर प्रसाद शर्मा ने अपने शिष्य शेषनाथ यादव के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए अनेक संसमरण सुनाते हुए श्रद्धांजलि अर्पित किया और शेषनाथ को महान देशभक्त बताया। अंत में शहीद पत्नी सरोज यादव ने नम आँखों से सभी आगंतुकों का आभार प्रगट करते हुए निवेदन किया कि मैं किसी को बुलाने से भूल जाऊँ तो माफ करते हुए आप लोगों को प्रतिवर्ष 15 जून को श्रद्धांजलि समारोह में अवश्य आना है। आप लोग ही हमारे साहस और धैर्य के सहारा है।
इस मौके पर शहीद के बड़े भाई काशीनाथ यादव, छोटा भाई हरिहर यादव, पुत्र शिवम यादव, गोरख यादव, जे.ई.हीरा यादव, हंसा देवी, पुष्पा देवी, राजा यादव, अभय यादव, सुजीत कुमार, राजेश यादव, संग्राम सिंह, डा. रघुवंश,छोटू यादव आदि सहित सैकड़ो लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर श्रंद्धासुमन अर्पित करके श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम स्थल पर लोगों को नाश्ता व शर्बत का लंगर भी लगा था। कार्यक्रम का संचालन शेषनाथ इण्डेन सर्विस के प्रबन्धक सुमिरन यादव ने किया।

