पारिवारिक जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल मुकदमा दर्ज
जमानियां। थाना क्षेत्र के नई बस्ती उमरगंज गांव में पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित रामभजन राम ने थाना में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार, उनका पुश्तैनी जमीन है, जहां उन्होंने पुआल रखा था। लेकिन उनकी बहू राजकुमारी समेत परिवार के अन्य लोगों ने जबरदस्ती जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर कई बार उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना 2 फरवरी दोपहर 2 बजे की बताई जा रही है, जब रामभजन राम अपनी जमीन पर पुआल सुखा रहे थे। उसी दौरान बहू राजकुमारी ने उनके गले को पकड़कर दबोच लिया और जोर-जोर से चिल्लाकर पति चंदन राम, पुत्र आशीष उर्फ गोलू और सौरभ को बुला लिया। सभी ने मिलकर लाठी-डंडे से रामभजन राम की पिटाई की। इस दौरान राजकुमारी ने पत्थर उठाकर उनके सिर पर मार दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।शोर सुनकर पीड़ित का पुत्र विमल और नतनी-बहू बचाने आए, लेकिन विपक्षियों ने उन्हें भी पीटकर गिरा दिया। शोर-शराबा सुनकर गांव के लोग पहुंचे और बीच-बचाव किया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशेष नाथ सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।

