लाठी दण्डा से पीटकर युवक की हत्या पुलिस एक लड़की सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ।
नंदगंज (गाजीपुर)। वाराणसी गाजीपुर फोरलेन पर थाना क्षेत्र रेवसां हाइवे मोड़ के पास गुरुवार की सुबह करीब 7 बजे एक लड़की सहित तीन लोगों ने लाठी दण्डा से पीटकर एक युवक की हत्या कर दी ।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु गाजीपुर भेज कर छानबीन में जुटी है। घटित घटना में पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रेवसां गांव निवासी रामविलास कनौजिया उम्र 30 वर्ष गुरुवार की सुबह 7 बजे प्रतिदिन की भांति बाइक से सब्जी लेकर नंदगंज सब्जी मंडी में बेचने हेतु जा रहा था।
तभी हाइवे रेवसां मोड़ के पास पहले से घात लगाए हमलावरों ने आते ही लाठी दण्डा से प्रहार कर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर एकही बाइक से गाजीपुर के तरफ भाग गए। बताया जा रहा है कि हमलावार में दो युवकों के साथ में एक लड़की भी थी। हमलावर तीनों एक ही बाईक पर सवार होकर आए थे। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने घायल अवस्था में युवक को मेडिकल कालेज अस्पताल गाजीपुर भेजवाया।
लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना स्थल पर एसपी सिटी व सैदपुर सीओ शेखर सेंगर व फोरेंसिक टीम भी पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक रामविलास अपने घर का एक मात्र कमाऊ सदस्य था।
मृतक दो भाईयों तथा चार बहनों में दूसरे नंबर पर था।मृतक अपने पीछे पत्नी सहित दो बच्चे छोड़ गए हैं।पत्नी सरिता देवी व माता फुलझारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहा।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया मृतक के पिता हीरा कनौजिया ने अपने पुत्र की हत्या करने में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना में तहरीर दी है। पुलिस मुकदमा पंजीकृत करके छानबीन में जुटी है।
इस सन्दर्भ में पुलिस तीन लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही उस मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी खंगाला जा रहा है। चर्चाओं में रेवसा गांव में छह महीना पूर्व एक जमीन का विवाद भी बताया जा रहा है। वैसे लाठी से मारने वाली घटना में मौके पर एक लड़की के होने को लेकर पुलिस कई एंगिल से जांच कर रही है।

