तुलसी का पौधा हमारे जीवन के लिये बहुत उपयोगी एवं लाभप्रद – पुनीता सिंह
नंदगंज- भारत विकास परिषद मौनीबाबा, नंदगंज के अध्यक्ष सुजीत कुमार की धर्मपत्नी एवं परिषद की सक्रिय सदस्य पुनीता सिंह खुशबू ने गत दिनों लोगों को तुलसी का पौधा देकर उसके गुणों की लाभप्रद जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में तुलसी का पौधा जन -जन के रोम रोम में बसा है।

सनातन हिंदू धर्म में तुलसी जी पूजा की प्रतीक है। इसीलिए ईश्वर को चढ़ाने हेतु बनाये गये प्रसाद में तुलसी की पत्ती डालना जरुरी होता है। यही नहीं तुलसी के पौधे का बहुऔषधीय गुण भी है। जैसे जुकाम, बुखार, ठंड, कोलेस्ट्रोल, हाई ब्लड प्रेशर एवं सूजन आदि अनेक रोगों को ठीक करने में तुलसी की पत्ती बहुत ही उपयोगी होती है।
उन्होंने कहा कि तुलसी केवल पौधा ही नही है बल्कि हम लोगों के बीच माता के रुप में पूज्य है। इसीलिए महिला व पुरुष स्थान करने के बाद इनका जलाभिषेक तथा घी का दीपक भी जलाते है। जिससे वातावरण भी शुद्ध होता है।इस प्रकार तुलसी का पौधा हमारे जीवन के लिये बहुत ही उपयोगी एवं लाभप्रद है। इसलिए प्रत्येक परिवार में तुलसी का पौधा घर के अन्दर या बाहर अवश्य होना चाहिये।
कार्तिक मास की एकादशी को तुलसी विवाह का अनुष्ठान भी होता है। परिषद के अध्यक्ष सुजीत कुमार ने कहा कि इसी सार्थकता व बहुउद्देश्यीय गुणों को लेकर तुलसी का पौधा वितरण करना मेरे लिये सौभाग्य की बात है । यदि हम सभी को विभिन्न बीमारियों से बचते हुए स्वस्थ्य जीवन जीना है तो हम सभी को घर में तुलसी का एक पौधा लगाना होगा।
इस मौके पर परिषद् की आरती विश्वकर्मा, शीला श्रीवास्तव, किरन त्रिपाठी, सुधा जायसवाल, पंकज दूबे तथा लव सिंह आदि उपस्थित रहें।

