जमानिया। ईद-उल-अजहा बकरीद की नमाज कड़ी सुरक्षा के बीच शांति और सौहार्द पूर्ण तरीके से ईदगाह और मस्जिदों में पढ़ी गई । बकरीद के त्योहार को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे।

इतना ही नहीं प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अपनी पैनी नजर बनाई हुई थी। जिससे गड़बड़ी करने वालों उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। रमजान के करीब 68 दिन बाद बकरीद का यह त्योहार मनाया जा रहा है। मुस्लिम समुदाय के लोग इसे फर्ज-ए-कुर्बानी का दिन भी मानते हैं। ईद-उल-अजहा पर नमाज अदा करने के बाद जानवरों की कुर्बानी दी जाती है। ईद-उल-अजहा के मौके पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ एस के श्रीवास्तव के नेतृत्व में डॉ सत्येंद्र सिंह राजपूत ने नगर पालिका के कर निरीक्षक विजय शंकर राय अन्य कर्मचारियों के साथ ईदगाहों एवं मस्जिदों का भ्रमण किया। अधिकारियों ने बकरीद की बधाई देते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाये रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी ना हो इसका ध्यान रखें।

