गाजीपुर में पेंशनरों का धरना मेडिकल बिल भुगतान में ऑफलाइन सुविधा बहाल करने की मांग।
गाजीपुर:- मेडिकल बिलों के भुगतान में ऑनलाइन व्यवस्था के साथ ऑफलाइन विकल्प भी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सोमवार को सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन की जिला शाखा ने सरजू पांडेय पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस धरने के माध्यम से पेंशनरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति (Medical Reimbursement) के लिए मेडिकल बिल ऑफलाइन जमा करने की सुविधा आसानी से मिलती थी, लेकिन अब केवल ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के कारण बुजुर्ग पेंशनरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रमुख बातें और बयान :- जिलाध्यक्ष मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव: अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि 60 से 90 वर्ष तक की उम्र के पेंशनरों के लिए बिना पर्याप्त प्रशिक्षण के ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाना बेहद कठिन है। ऐसे में ऑनलाइन व्यवस्था के साथ-साथ ऑफलाइन विकल्प भी अनिवार्य रूप से जारी रखा जाना चाहिए।
कार्यकारी अध्यक्ष अंबिका दूबे: उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधियों के लिए ऑफलाइन व्यवस्था उपलब्ध होने की बात सामने आती है, जबकि जीवनभर सेवा देने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने के लिए विवश किया जा रहा है। उन्होंने इसे पेंशनरों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया बताया। जिला मंत्री जनार्दन सिंह: उन्होंने सभी पेंशनरों से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की।धरने के उपरांत जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
जिस दौरान केपी गुप्ता, जिउत शर्मा, नरेंद्र सिंह, अनूप सिन्हा, उग्रसेन सिंह, जयप्रकाश पांडेय, उमेश श्रीवास्तव, आरएस वर्मा और अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे। (विकास सिंग की रिपोर्ट)

