समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर “देश बचाओ -देश बनाओ पदयात्रा का हुआ आयोजन।
गाजीपुर- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर अगस्त क्रांति के अवसर पर शुक्रवार को युवा समाजवादी योद्धा अभिषेक यादव की अध्यक्षता में “देश बचाओ -देश बनाओ पदयात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। 
जानकारी के अनुसार 9 अगस्त से शहर मुख्यालय स्थित सरजू पांडे पार्क से आरंभ हुई “देश बचाओ -देश बनाओ पदयात्रा आज चौथे दिन युवा समाजवादी योद्धा अभिषेक यादव की अगुवाई में “हर जोर जुलुम के टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है” मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी, नहीं चलेगी नहीं चलेगी” का नारा बुलंद करते हुए आज दिलदार नगर से जमानियां होते हुए करंडा ब्लाक के सोकनी गांव के लिए रवाना हुई।
इस पदयात्रा को पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जमानियां के विधायक माननीय ओम प्रकाश सिंह जी एवं निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने पदयात्रियों का हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि नौजवानों का यह संघर्ष खाली नहीं जायेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संघर्ष करने में विश्वास रखती है।
जब भी इस देश में किसी तानाशाही एवं सामन्ती ताकतों ने सर उठाने की कोशिश किया है समाजवादियों ने अपने संघर्ष की बदौलत उनका फन कुचलकर देश को तानाशाही ताकत से मुक्ति दिलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही के रास्ते पर चल रही है। वह सत्ता के नशे में चूर है ,उसे नहीं मालूम कि सत्ता आती जाती रहती है।
सत्ता के मद में वह मनमाने फैसले ले रही है , विरोधी उसे रास नहीं आ रहे हैं। ईडी और सीबीआई का प्रयोग कर वह विरोधियों के साथ बदले की भावना से काम कर रही है।भाजपा सरकार का यह रवैया लोकतंत्र के लिए खतरा है। लोकतंत्र को बचाना ही इस पदयात्रा का मूल मकसद है।
जिस दौरान अभिषेक यादव ने कहा देश का नौजवान आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। भाजपा सरकार के पास देश के बेरोजगार युवाओं के लिए कोई योजना नहीं है। सरकारी महकमें पूंजीपतियों के हाथों में बेचे जा रहे हैं। सरकार की सारी नीतियां चंद पूंजीपतियों के इशारे पर तय हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब देश की सारी पूंजी पूंजीपतियों के हाथ में आ जाएगी तो न लोकतंत्र बचेगा और न संविधान। उन्होंने युवाओं से भाजपा सरकार के खिलाफ लामबंद होने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करना जरूरी है।
इस पदयात्रा में मुख्य रूप से मन्नू सिंह, विकास यादव, संदीप यादव, राघवेन्द्र यादव,अफजल अली, संदीप यादव सत्या, रिषु यादव, आजाद राय, संतोष यादव, सुजीत कुमार,मटरू पहलवान, अनिल यादव, कृष्णानंद यादव, रजनीकांत यादव, आदि के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।

