जमानिया (गाजीपुर)कोतवाली क्षेत्र के चक्काबांध गांव स्थित गंगा नदी में सावन के आखिरी सोमवार को सुबह करीब 6 बजे नहाने आया युवक डूब गया। पुलिस खोजबीन में जुटी है।

जानकारी के अनुसार चंदौली जनपद के कंदवा थाना अंतर्गत सिसौडा गांव निवासी युवक आदित्य तिवारी पुत्र परमानंद तिवारी (16) अपने कुछ साथियों के साथ सावन के आखिरी सोमवार को स्नान करने आया था। स्नान करने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आस पास मौजूद लोगों ने दो को बचा लिया।

जबकि आदित्य गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जिसको खोजने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कर दी है। आदित्य के बाबा रामनिवास तिवारी ने बताया कि वह दसवीं कक्षा का छात्र है और तीन बहन के बीच एकलौता भाई था। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार गंगा नदी में स्नान कर जल चढ़ाने के लिए शिव मंदिर जाता था। आज भी वह स्नान कर जल भरने के लिए आया था और ये हादसा हो गया। इस संबंध में चौकी प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि चंदौली जनपद के सिसौडा गांव निवासी आदित्य अपने साथियों के साथ गंगा में स्नान कर जल भरने आया था। जो नहाने के दौरान डूब गया। गोताखोरों की मदद से खोजबीन की जा रही है।

