व्यापार ऑनलाइन खरीदारी में अब नहीं चलेगा छूट का खेल।
नई दिल्ली- ऑनलाइन खरीदारी में किसी सामान पर बड़ी छूट देखकर खरीदारी करने से पहले अब ग्राहक को यह भी पता चलेगा कि वह छूट वास्तव में कितनी है।
सरकार ने ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए नियम सख्त करते हुए कीमतों में पारदर्शिता, सर्च रिजल्ट और प्रायोजित उत्पादों की पहचान से लेकर ग्राहकों को गुमराह करने वाले डिजिटल तरीकों पर अंकुश लगाने की तैयारी कर ली है। नए नियम एक जनवरी 2027 से लागू होंगे।
सबसे बड़ा बदलाव छूट के दावे को लेकर है। किसी उत्पाद की कीमत घटाकर दिखाने पर कंपनियों को नई कीमत के साथ पिछली कीमत भी बतानी होगी। इसका मतलब उस उत्पाद की छूट घोषित होने से पहले के 30 दिनों में रही सबसे कम कीमत होगी। यानी कंपनियां किसी सामान की कीमत पहले कृत्रिम रूप से बढ़ाकर और फिर उस पर बड़ी छूट दिखाकर ग्राहक को आकर्षित नहीं कर सकेंगी।
छूट में 30 दिन की सबसे कम कीमत बतानी होगी… अगले साल एक जनवरी से नियम लागू……
सर्च में पैसे देकर ऊपर आने वाला सामान छिपेगा नहीं : ऑनलाइन शॉपिंग में ग्राहक किसी उत्पाद को खोजता है, तो सामने आने वाले परिणामों में कौन-सा सामान वास्तविक खोज का नतीजा है और कौन-सा कंपनी ने पैसे देकर ऊपर दिखाया है, यह स्पष्ट करना होगा। कंपनियां सर्च रिजल्ट को इस तरह प्रभावित नहीं सकेंगी, जिससे ग्राहक को गुमराह किया जाए या उसकी खोज से संबंधित सही परिणाम नीचे चले जाएं।
• बदलाव यह भी : उत्पाद की वापसी, वारंटी, डिलीवरी, भुगतान व उपयोग की तारीख जैसी जरूरी जानकारी ग्राहक को देनी होगी।
• ग्राहकों की सहमति के बिना उनका डाटा इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। सामान पर आयातक व मूल देश की जानकारी अनिवार्य।

