उत्तर प्रदेश में त्योहारों से पहले प्रमुख मार्गों को करें गड्ढामुक्त :- योगी
लखनऊ- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश व बाढ़ से खराब हुई सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चलने योग्य बनाने और बरसात के बाद जरूरत के अनुसार उनका नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही कहा, कि आगामी त्योहारों से पहले मरम्मत और नवीनीकरण के काम पूरे कर लिए जाएं। सीएम ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि बारिश से नए क्षतिग्रस्त मार्गों का भी सर्वे कराया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गड्ढामुक्ति का काम केवल पैचवर्क तक सीमित न रहे। जहां सड़क ज्यादा खराब स्थिति में है, वहां उसे अभी गाड़ियों के चलने लायक बनाया जाए। बरसात बाद स्थायी नवीनीकरण कराया जाए। सीएम ने निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और प्रमुख बाजारों की सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराएं।
50 हजार किमी सड़कों को किया जाएगा गड्ढामुक्त—
प्रस्तुतिकरण में बताया गया कि गड्ढामुक्ति अभियान में 9 विभागों के मार्ग शामिल हैं। इन विभागों के अधीन करीब 4.36 लाख किलोमीटर सड़कें हैं। वर्तमान लक्ष्य के तहत करीब 50 हजार किलोमीटर मार्गों को गड्ढामुक्त किया जाना है, जिसमें तक करीब 5751 किलोमीटर पर पूरा किया जा चुका है। क्षतिग्रस्त के सर्वे के बाद विभागवार लक्ष्य अंतिम रूप दिया जाएगा।

