जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर बाण गाँव अपने ससुराल जाते समय रविवार की देर रात माइनर में गिरने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया और जांच में जुट गई।

जानकारी के अनुसार हेतिमपुर कटहरा गांव निवासी अजय कुमार उर्फ टनमन बिद (22) साइकिल से रघुनाथपुर बाण के माइनर का किनारा पकड़कर जा रहा था। अज्ञात कारणों से युवक साइकिल सहित माइनर में गिर गया।
कुछ देर बाद उसी रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर माइनर में गिरे युवक पर पड़ी तो उसे आनन फानन में बाहर निकाला और इसकी सूचना गांव के लोगों को दी। जहां उसकी पहचान हेतिमपुर गांव निवासी अजय के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे प्रधान ने पुलिस को घटना सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
अजय की मौत से परिवार के लोगों में कोहराम मच हुआ है। पति की मौत की सूचना पाकर पत्नी प्रमिला रोने-बिलखने लगी। अजय मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था। करीब पांच माह पूर्व वह घर आया था।

