गाजीपुर जेल में पेड़ पर फंदा लगाकर दुष्कर्म के आरोपी बंदी ने की आत्महत्या।
गाजीपुर- जिला जेल में विचाराधीन बंदी ने बुधवार की सुबह जेल परिसर में पीपल के पेड़ पर 30 फीट की ऊंचाई पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार के लोगों ने विरोध में बहरियाबाद थाने पर प्रदर्शन किया। उपजिलाधिकारी कमलेश सिंह ने न्यायिक जांच का आश्वासन दिया, तब परिवार के लोग शांत हुए।
जानकारी के अनुसार भुड़कुंड़ा थानाक्षेत्र के फातिमपुर गांव निवासी अमन कुमार (21) जिला जेल में बंद था। उस पर पाक्सो एक्ट के तहत बहरियाबाद थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज था। जेल प्रशासन के मुताबिक, 21 अक्तूबर से बैरक नंबर 3 में बंद अमन ने सुबह करीब साढ़े आठ बजे परिसर स्थित पीसीओ में जाकर परिजनों से बातचीत की।
उसके आधे घंटे बाद उसका शव पेड़ से गमछे के फंदे से लटका मिला। जेल प्रशासन ने फायरमैन की मदद से सीढ़ी और रस्सी के सहारे दोपहर 12 बजे शव उतरवाया । प्रभारी जेल अधीक्षक राकेश वर्मा ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे तक बंदी ठीक था । हो सकता है किसी बात को लेकर डिप्रेशन में जाने के बाद उसने यह कदम उठा लिया। जांच कराई जा रही है। संवाद

