डाकघर से गंगोत्री का गंगाजल व बाबा विश्वनाथ का मिलेगा प्रसाद ।
नंदगंज- समय कितना परिवर्तनशील होता है इसकी बानगी डाक विभाग से देखने को मिलती कि कब किसको अर्स से फर्श और फर्श से अर्स पर पहुँचा देता है। कभी डाक विभाग सूचना के आदान प्रदान का सबसे बड़ा माध्यम था।
लोग अपनी बातें पत्र में लिखकर देश के सुदूर क्षेत्रो में रहने वाले लोग पत्राचार के माध्यम से एक दूसरे का हालचाल लेते थे। जिसमें डाकघर की भूमिका ही सर्वोपरि हुआ करती थी। लेकिन तेजी से बदल रहे संचार माध्यम और नई तकनीकी एवं लापरवाही ने डाक विभाग को पीछे छोड़ दिया।
यहाँ तक कि ग्रामीण क्षेत्रों का डाकघर जनता की चिठ्ठी को समय से गन्तव्य तक पहुँचाने में भरोसा नहीं किया जाता था। लेकिन आज फिर से डाक विभाग ने डाकघरों के माध्यम से श्रावण माह में शिवभक्तों को बाबा काशी विश्वनाथ जी का प्रसाद तथा गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है। जिससे लोग डाक विभाग की तरफ फिर से आकर्षित होने लगे हैं।
नंदगंज डाकघर के डाककर्मी विनोद दूबे ने बताया कि डाकघर से कोई भी व्यक्ति 30 रुपये देकर बोतलबंद गंगाजल ले सकता है। यही नहीं रक्षाबंधन पर्व पर बहनों के लिए राखी भेजने के लिए अब वाटरप्रूफ लिफाफे की भी सुविधा उपलब्ध हो गयी है। अब बहनों की राखी सुरक्षित तथा समय पर निर्धारित स्थल पर पहुँचा दी जायेगी।
इसके साथ ही डाकघर से शिवभक्तों के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी का प्रसाद मात्र 201 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसमें प्रसाद के साथ साथ भभूत, रुद्राक्ष की माला, चालीसा आदि शामिल हैं। डाकघर से ऐसी सेवा उपलब्ध होने पर क्षेत्र के लोग गदगद है।
ज्यादा खुशी बहनों को है कि रक्षाबंधन पर अब हमारी राखी सुरक्षित पहुँच जायेगी। क्षेत्र के लोग डाकघर से मिल रही ऐसी सुविधा की सराहना करते फिर रहे हैं।

