जमानियां। थाना क्षेत्र के ग्राम मनझरिया की रहने वाली निशु यादव ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। जिस पर पुलिस ने रविवार को महिला की तहरीर पर दस लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निशु यादव की शादी 19 जनवरी 2025 को बहलोलपुर निवासी शंकरविजय यादव से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार संपन्न हुई थी। पीड़िता के पिता ने शादी में 5 लाख रुपये नगद, सोने की अंगूठी, चेन, फ्रिज, वाशिंग मशीन, टीवी, अलमारी और अन्य घरेलू सामान दिया था। शिकायत के अनुसार, ससुराल पहुंचने के बाद पति सहित अन्य परिजनों ने दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और दो सोने की चेन न मिलने की बात पर ताने मारने शुरू कर दिए। आरोप है कि लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी गई और 29 जनवरी विवाहिता के साथ मारपीट की गई। जिस पर पीड़िता ने थाना में प्रार्थना पत्र देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। इस मामले पर प्रभारी निरीक्षक अशेष नाथ सिंह ने बताया कि महिला की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर पति शंकरविजय यादव, ससुर सुरेंद्र सिंह यादव, सास बिंदा देवी, बड़े भसुर राजविजय यादव, बड़ी जेठानी पूजा देवी, छोटे भसुर दिग्विजय यादव, छोटी जेठानी संगीता देवी सहित कुल दस लोगों के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जांच की जा रही है।

