जमानिया। ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी कार्यालय में बुधवार को सभी विभागीय अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की गई। जिसमें संचारी रोगों के नियंत्रण और स्वच्छता पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से चिंतन शिविर, संचारी रोग, मिशन इंद्रधनुष, दस्तक अभियान पर चर्चा कर विचार विमर्श किया गया ।

वही बीडीओ यशवंत कुमार राव ने बताया कि चिंतन शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक योजना का विस्तार किया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ रविरंजन ने बताया कि 3 से 31 अक्टूबर तक टाइफाइड, मलेरिया, डेंगू आदि संचारी रोगो के रोकथाम के लिए घर-घर दस्तक अभियान चलेगा। लोगों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। शून्य से पांच वर्ष तक आयु के बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण भी कराया जाएगा। उसी बैठक की कड़ी में गांव-गांव जाकर पशुपालकों को आबादी से दूर पशुओं को बांधने के लिए प्रेरित करने का निर्णय भी लिया गया। तहसीलदार देवेन्द्र कुमार ने कहा कि पशुओं से होने वाली गंदगी से बीमारी का खतरा हमेसा बना रहता है। बीपीसीएम एकलाक अहमद ने कहा कि रैली के माध्यम से संचारी रोग के रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। बैठक में एडीओ पंचायत जितेंद्र शुक्ल, एडीओ आईएसबी दिग्विजय कुमार, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर कमलावती देवी, शिक्षा विभाग से सुनील कुमार‚ यूनिसेफ से संजय यादव‚ टीसीयू से राघवेन्द्र कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।

