कृष्ण जन्मोत्सव को महिला कीर्तन मंडली ने बनाया यादगार।
नंदगंज :- स्थानीय बाजार के पत्रकारपुरम कालोनी में पत्रकार विजय श्रीवास्तव के आवास पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पहली बार महिला कीर्तन मंडली द्वारा भजन, कीर्तन तथा सोहर गाकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाया गया।

इस मौके पर पत्रकारपुरम में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की आकर्षक झांकियां भी सजाई गई थीं। संयोजक विजय श्रीवास्तव ने बताया कि हमारे यहां आठ दशको से ऊपर अनवरत प्रतिवर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। लेकिन इस वर्ष पहली बार महिला कीर्तन मंडली ने अपनी सेवा देकर कृष्ण जन्मोत्सव को यादगार बना दिया।
इस कीर्तन गायन में एक भी पुरुष नहीं रहें। महिला कीर्तन मंडली की महिलाओं ने ढोलक, झाल तथा मंजीरें के साथ विभिन्न प्रकार के भक्तिमय भजन व कीर्तन एवं दर्जनों सोहर गाकर जन्मोत्सव पर भक्तिरस की अनोखी छंटा बिखेर दी।
महिला कीर्तन मंडली की संयोजिका किरन त्रिपाठी के साथ शीला शर्मा, सरला श्रीवास्तव, इंदू सिंह, कीर्ति श्रीवास्तव, शीला श्रीवास्तव, सुमन, तथा शीला देवी आदि प्रमुख महिलाएं रहीं।

