जमानिया। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर जमानिया दरौली ग्राम सभा में बहुजन समाज पार्टी के तत्वाधान में “गांव चलो अभियान” के तहत समीक्षा बैठकका आयोजन किया गया । इस दौरान भाजपा सांसद के द्वारा लोक सभा में बसपा सांसद पर अभद्र टिप्पणी करने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की गई।

जिसमें मुख्य अतिथि बसपा जिलाउपाध्यक्ष परवेज खान ने बैठक को सम्बोधित करते हुए बताया कि भाजपा सरकार में महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, पुलिस प्रशासन आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। अराजकता और भ्रष्टाचार जोरो से फल फूल रहा है । जमानिया विधानसभा में सड़क, पानी, बिजली जैसी समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की समस्याओं पर भी चर्चा की। कार्यकर्ताओ में जोश भरते हुए कहाकि भारतीय जनता पार्टी से अगर हकीकत में कोई लड़ाई लड़ रहा है तो वह बहुजन समाज पार्टी है। आने वाले लोक सभा चुनाव 2024 के लिए सभी पार्टी कार्यकर्ता कमर कसकर जुट जाएं। समीक्षा बैठक में अपने संगठन की समीक्षा लेते हुए संगठन को चाक चौबंद रहने की हिदायत देते हुए कहाकि यही बौखलाहट है जो आपको अभी लोकसभा में दिखाई दिया। बसपा सांसद दानिश अली के खिलाफ भाजपा के सांसद रमेश बिधुड़ी ने अमर्यादित अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। और कहाकि हम मांग करते हैं कि भाजपा सांसद रमेश बिधुड़ी के ऊपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि इस तरह की जो मानसिक दिवालियापन के लोग हैं वह ऐसी बात ना कह पाए। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा केवल धार्मिक मुद्दों को ही उठाकर लोगों के बीच चुनावी रोटियां सेकती है। बीजेपी का जो दोहरा चरित्र है उसे इस बार की जनता 2024 में पूरी तरह से साफ कर देगी। एक तरफ भाजपा सबका साथ सबका विकास का नारा देती है तो दूसरी तरफ उन्हीं के सांसद के द्वारा बसपा सांसद को लोकसभा के मंदिर में अभद्र अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए मनगढ़ंत आरोप लगाए जाते हैं। भाजपा के खिलाफ बोलने वाले लोगों को वह झूठे केस में फंसा कर उन्हें परेशान करना जानती है। इस मौके पर अमरेंद्र भारती, पिंटू राम, सुरेश राम, जवाहर राम, जोखू राम, सैफ अली खान, जावेद खान, तुफैल खान बॉस, भोलू खान आदि लोग मौजूद रहे।

