श्रीगंज में मेन लाइन का केबल बाक्स जलने से 18 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप, लोग पेयजल के लिये परेशान।
नंदगंज। नंदगंज पावर हाउस से क्षेत्र में हो रही विद्युत आपूर्ति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। क्षेत्र में खम्भों पर लगे विद्युत तार जर्जर होने कारण प्रतिदिन टूटते ही रहते हैं।

अब तो सप्ताह- दस दिनों में कोई न कोई केबल बाक्स भी जल जा रहा है। इन कारणों के अतिरिक्त रोस्टिंग के नाम पर भी तीन चार घंटे आपूर्ति बन्द रहती है। पिछले चार माह से यही क्रम चल रहा है।
इसी क्रम में बुधवार की रात करीब साढ़े दस बजे रेलवे क्रासिंग श्रीगंज अण्डर ग्राउंड 33 केवी मेन लाइन का केबल बाक्स जल गया। जिससे क्षेत्र में विगत 18 घंटे से विद्युत आपूर्ति बाधित है। गुरुवार को सुबह बिजली के अभाव में सम्बर्सेबुल नहीं चलने से लोग पीने के पानी के लिये परेशान रहें। मजबूरी में हैण्डपाइप का सहारा लेकर अपना काम चलाते।
नंदगंज पावर हाउस के एसएसओ अजीत कुशवाहा के अनुसार श्रीगंज में मरम्मत का काम चल रहा है, शाम तक सप्लाई बहाल होने की उम्मीद है।

