मध्य प्रदेश में अवैध शराब से हुई मौतों के मामले को लेकर,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिया सख्त निर्देश।
भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि इस पूरे प्रकरण में जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाए। साथ ही, ऐसी घटनाओं की दोबारा पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए जिले में व्यापक नशा मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और अपराध तथा असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध शराब पर चलेगा जब्ती और जांच अभियान-
मुख्यमंत्री ने सागर में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के सभागार में जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को पूरी व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
डॉ. यादव ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब से जुड़ी सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई तेज की जाए। केवल सागर जिले तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि आसपास के इलाकों और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी गहन जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां भी संदिग्ध गतिविधि या किसी तरह की शंका की गुंजाइश हो, वहां तुरंत जांच की जाए। लापरवाही की कोई जगह नहीं होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं

