युवक की लाश मिलने से फैली सनसनी, परिजनों ने जताई ये हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
जमानियां (गाजीपुर) : बहादुरपुर नहर पुलिया के नीचे गुरुवार की सुबह युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगो की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राहगीरों ने नहर पुलिया के नीचे पानी में एक युवक का शव देख। शव मिलने की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान में जुट गई। कुछ देर बाद ही युवक की पहचान हरपुर निवासी 30 वर्षीय प्रिंस यादव पुत्र बृजमोहन यादव के रूप हुई। जिसके सिर पर कई चोट का निशान देखा गया। प्रिंस के मौत की खबर लगते ही स्वजन घटना स्थल पर पहुंचे और रोने बिलखने लगे। प्रिंस के पिता बृजमोहन ने पुलिस को हत्या की तहरीर देकर बताया कि बीते बुद्धवार की शाम करीब 7 बजे प्रिंस के मोबाइल पर किसी का फोन आया और वह बाइक से कहीं चला गया। रात करीब साढ़े नौ बजे उसके मोबाईल पर फोन किया गया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। इस पर देर रात तक उसकी काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला और गुरुवार की सुबह उसका शव बहादुरपुर नहर पुलिया के नीचे नहर में पाया गया। प्रिंस की तीन पुत्री और एक पुत्र है। इस घटना से प्रिंस की पत्नी आशा देवी और मां विद्या देवी का रो रो कर बुरा हाल है। पिता ने इस घटना को हत्या बताया है और शक के आधार पर गांव के ही पांच नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में फॉरेंसिक टीम व एसओजी टीम जुट गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने गुरुवार की सुबह 11 बजे बताया कि फिलहाल यह मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है, इसके अतिरिक्त अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन की जा रही है।
शव से 50 मीटर की दूरी पर थी प्रिंस की बाइक
बहादुरपुर गांव के पास नहर में प्रिंस का शव औंधे मुंह पानी मे था।बाइक लगभग 50 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे था ।पुलिस ने प्रिंस के पैंट से मोबाइल भी बरामाद किया।प्रिंस घर पर ही रहता था।घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह तरह की चर्चा थी।हालांकि की घटना का कारण जो भी हो वह तो पुलिस के जांच पड़ताल व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आएगा।
प्रथम दृष्ट्या मामला दुर्घटना का लग रहा है।क्योंकि प्रिंस के सिर के दाहिने तरफ ही केवल चोट का निशान है और अन्य जगह नहीं।बाइक का मड गार्ड भी ठेड़ा हो गया है हालांकि पिता के तहरीर पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर घटना की जांच की जा रही है ।
प्रमोद कुमार सिंह थाना निरीक्षक ज़मानियां

