जमानियां। थाना क्षेत्र के दरौली गांव में मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का मामला गुरुवार को पीड़ित राजेंद्र कुशवाहा ने थाना में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
पीड़ित राजेंद्र कुशवाहा के अनुसार बुधवार की शाम चार बजे उनके पुत्र पीयूष कुशवाहा और सूर्याशु मोटरसाइकिल से गली से जा रहे थे, तभी गली में सीढ़ी हटाने को लेकर प्रीतम से विवाद हो गया। विवाद के बाद बच्चे वहां से चले गए, तो विपक्षी लोगों को लेकर पीड़ित की दुकान “दुर्गा एग्रीजक्शन” पहुंचे।राजेंद्र कुशवाहा के अनुसार, आरोपियों ने दुकान पर मौजूद उनके भाई राजेश को गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और दुकान में तोड़फोड़ और लूटपाट की। इस दौरान लगभग ₹1,29,000 की नकदी लूट ली और दुकान का सामान तथा ₹15,000 मूल्य की दवाएं नहर में फेंक दीं। पीड़ित ने अपनी तहरीर में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपियों ने जाते-जाते उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और एससी ⁄ एसटी एक्ट में फंसाने की चेतावनी दी। इस घटना से परिवार अत्यंत भयभीत है और न्याय की मांग कर रहा है।पीड़ित की शिकायत पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशेष नाथ सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। कार्यवाही की जा रही है।

