रुपये दोगुना करने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के चार लोग हुए गिरफ्तार।
नंदगंज- स्थानीय पुलिस ने ठगी करने वाले चार जालसाजों को रामपुर बंतरा ओवर ब्रिज पुल के पास से सोमवार की देर शाम गिरफ्तार करके उन चारों के पास से कुल एक लाख बयासी हजार रुपया नगद, छह मोबाइल तथा 9आधार कार्ड बरामद किया। विधिक कार्यवाही पूर्ण करके जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक अनिल कुमार मिश्रा मय हमाराह उप निरीक्षक जयप्रकाश सिंह आरक्षी विपिन नायक, चंद्रजीत यादव, सुशील कुमार के साथ शादियाबाद मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी नंदगंज थाना पर पंजीकृत मुकदमा के वादी शिवराज यादव निवासी कुंवरपुर ने आकर बताया कि 12 लाख रुपए एक महीने में दोगुना कर देने के नाम पर ठगी करने वाले अभियुक्त गण पुनः किसी घटना को अंजाम देने के लिए रामपुर बंतरा ओवर ब्रिज पुल के नीचे इकट्ठा हुए हैं तथा मुझे भी मेरा रुपया देने के लिए बुला रहे हैं।
वादी मुकदमा के इस सूचना पर उप निरीक्षक अनिल कुमार मिश्रा मय हमराहियान ओवरब्रिज पुल के नीचे पहुंचे ही थे कि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। लेकिन चार व्यक्तियों को घेराबंदी करके पुलिस बल द्वारा पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्ति में रविंद्र राम उर्फ बबलू निवासी सरूपहा थाना देवगांव जिला आजमगढ़ के पास से 38 हजार रुपए नगद दो अदद आधार कार्ड व दो अदद मोबाइल व राणा प्रताप सिंह निवासी बैसर थाना निजामाबाद जिला आजमगढ़ के कब्जे से 36 हजार पांच सौ रुपए नगद दो अदद आधार कार्ड व एक अदद मोबाइल बरामद हुआ।
इसी क्रम में तीसरे व्यक्ति सत्य नारायण श्रीवास्तव निवासी रामपुर बढ़वाना थाना मेहनगर के कब्जे से 38 हजार पांच सौ रुपए नगद तथा एक अदद आधार कार्ड, दो अदद मोबाइल बरामद हुआ। चौथे पकड़े गए व्यक्ति अजय राम निवासी रामपुर जनपद वाराणसी के कब्जे से 69 हजार रुपये नगद तथा 4 अदद आधार कार्ड व एक मोबाइल बरामद हुआ। इस प्रकार कुल एक लाख बयासी हजार रुपए बरामद हुए।
पुलिस पकड़े गए चारों व्यक्तियों से भागे हुए पांचवें व्यक्ति के बारे में पूछा गया तो उनका नाम रामसनेही उर्फ राकेश तिवारी निवासी डढवल थाना सादात जिला गाजीपुर बताया गया । जो गिरोह का सरगना भी है। अभियुक्त गण के विरुद्ध विदित कार्रवाई पूर्ण जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तिअपना नाम बदलकर धोखाधड़ी कर लोगों से पैसा लेकर दोगुना कीमत देने की लालच देकर पैसों की ठगी करते थे।

