जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरुइन स्थित दिलदारनगर रजवाहा के हेड पर शुक्रवार की देर शाम करीब आठ बजे एक अधेड़ की डूबने की आशंका पूरी तरह सही साबित हुई।जब शनिवार की सुबह करीब 6 बजे मठिया नहर पुलिया के पास शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया।

जानकारी के अनुसार स्टेशन बाजार के मदनपुरा रोड निवासी आभूषण विक्रेता श्रीकांत वर्मा (50) की बाइक चालू हालत में नहर पटरी पर मिली। जबकि चालक का कही अता पता नहीं था। देर से खडी बाइक को देख स्थानीय लोगों की भीड जुट गई। दोपहिया वाहन इंक्वायरी के माध्यम से यह स्पष्ट हो गया की वाहन श्रीकांत वर्मा का है। वही श्रीकांत वर्मा का पता न चलने पर लोग उनके नहर में डूबने की आशंका जताने लगे। और घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी गई तथा नहर को बन्द कराकर शव की तलाश शुरू कर दी गई। काफी खोज बीन करने के बाद सुबह शव मठिया नहर पुलिया के पास बरामद हुआ। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजन रात भर खोज बीन करते रहे तथा सुबह शव मिलने पर उनके ऑखों से ऑसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे । मृतक के दो पुत्र है।

