जमानियां (गाज़ीपुर) क्षेत्र के तियरी गांव में ठंड से बचाव के लिए गरीब और असहाय लोगों को कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार की देखरेख में करीब 150 कंबलों का वितरण किया गया। वही वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता पारसनाथ राय ने कहा कि समाज के हर वर्ग का दायित्व है कि वह ठंड और अन्य आपदाओं से पीडित जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से समाज में सहयोग और सेवा की भावना मजबूत होती है। उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार ने कहा कि शासन की ओर से गरीबों और असहायों को हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ठंड के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन द्वारा कंबल वितरण कार्यक्रम को और भी व्यापक बनाने की योजना है, ताकि हर जरूरतमंद तक राहत पहुंचाई जा सके। इस अवसर पर राकेश राय, विष्णु प्रताप सिंह, ओम प्रकाश राय, सुरेश वर्मा, नितेश कुमार, संजय कुमार, विनोद यादव,इन्द्र प्रताप सिंह, अजय यादव और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

