जमानिया कोतवाली में फरियाद के लिए आये 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत की कहानी कौन हैं रचनाकार ।
जमानिया / गाजीपुर – स्थानीय कोतवली में शुक्रवार को जमीनी विवाद में जमानिया कोतवाली आये 60 वर्षीय बुजुर्ग की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत की ख़बर पुलिस प्रशासन के ऊपर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 दिसम्बर दिन बृहस्पतिवार को बेटाबर कला निवासी उमाशंकर कुशवाहा को स्थानीय कोतवाली में पूछताछ के लिए बुलाया गया था लेकिन शुक्रवार को उसकी मौत कोतवाली में हुई या कही और इसकी जानकारी परिजनों को भी नहीं।

उमाशंकर कुशवाहा (60) एक सप्ताह पूर्व जमीनी विवाद में प्रार्थना पत्र लेकर कोतवाली पहुंचे थे। पुलिस ने प्रार्थना पत्र रख लिया और उसे वापस भेज दिया। 2 दिसम्बर की सुबह कोतवाली से फोन आया और उसे कोतवाली बुलाया गया। जहां उसे दोपहर 2 बजे से थाने में बैठा दिया गया। छोटे भाई की लड़की अनुष्का सिंह ने बताया कि स्कूल से घर पहुंचने के बाद शाम करीब 5 बजे बड़े पापा को फोन किया गया।
तो उन्होंने बताया कि वे थाने में है और कोतवाल साहब से मिल कर घर आ जाऐंगे। लेकिन शाम के 7 बज गये उनका फोन नहीं आया तो उन्होंने फिर 7 बजे फोन किया। तो बड़े पापा ने बताया कि थाने में कम्बल मिला है कोई चिंता की बात नहीं है। जिसके बाद परिवार के लोग थाने में सुरक्षित होने की बात सुनकर संतुष्ट हो गये।
लेकिन स्थानीय पुलिस विभाग से बुधवार की सुबह करीब 7 बजे मेरे पापा ओम प्रकाश कुशवाहा के मोबाइल पर फोन आया कि आपके बड़े भाई बीमार थे और सड़क के किनारे पड़े मिले है। जिसको जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। परिजन आनन फानन में जिलाचिकित्सालय पहुँचे जहां पहुंचने पर पता चला कि उनकी मौत हो गई है। शनिवार की सुबह मृतक उमाशंकर कुशवाहा के परिजन द्वारा क्षेत्राधिकारी जमानिया कार्यालय पहुँच कर न्याय की गुहार लगाई।
परिजनों का आरोप है कि कोतवाली में उनकी मौत हुई और पुलिस ने सूचना नहीं दी। मौत को छुपाने के लिए उन्हें सड़क के किनारे रख दिया गया और मनगढ़ंत कहानी बना रहे है। परिवार के लोग मृतक की पत्नी शशी देवी के साथ शनिवार की सुबह क्षेत्राधिकारी से मिलने पहुंचे जहां वे मौजूद नहीं थे। जिसके बाद परिजनों ने संपूर्ण समाधान दिवस पर प्रार्थना पत्र दिया और उपजिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई।
इस संबंध में एसडीएम भारत भार्गव ने बताया कि कोतवाली में वृद्ध उमाशंकर कुशवाहा की मौत का मामला आया था। वृद्ध का पीएम हो चुका है रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद क्षेत्राधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया गया है। संभवत: वृद्ध की मौत ठंड लगने से हुई है।

