वाराणसी में दो सौ वर्षों की कारोबारी विरासत पर आधारित पुस्तक ‘द लेगेसी डायलॉग्स’ का विमोचन।
वाराणसी :- होटल ताज गंगेज़ के दरबार हॉल में आयोजित ‘बनारस फाइनेंशियल इन्क्लूजन एंड डिजिटल बैंकिंग समिट एंड अवॉर्ड्स’ में लेखक एवं उद्यमी रजत मोहन पाठक और सह-लेखिका प्रगति पाठक की पुस्तक ‘द लेगेसी डायलॉग्स — 48 लॉज़ ऑफ फैमिली बिजनेस मैनेजमेंट’ का विमोचन किया गया।
इंडियन इन्वेस्टर्स फेडरेशन की ओर से उत्तर प्रदेश सरकार के इन्वेस्ट यूपी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में पुस्तक ‘द लेगेसी डायलॉग्स — 48 लॉज़ ऑफ फैमिली बिजनेस मैनेजमेंट’ का विमोचन महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी, प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा, उत्तर प्रदेश शासन
के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष तथा बीएसई लिमिटेड के एसएमई एवं स्टार्टअप प्लेटफॉर्म के पूर्व प्रमुख और टीजीआईएसएमई कैपिटल एडवाइजर्स एलएलपी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध साझेदार अजय ठाकुर के करकमलों द्वारा हुआ। इस अवसर पर सह-लेखिका एवं रजत मोहन पाठक की जीवनसंगिनी प्रगति पाठक भी मंच पर उपस्थित थीं।
लगभग दो सौ वर्षों की पारिवारिक व्यावसायिक विरासत से जुड़े परिवार की पांचवीं पीढ़ी के प्रतिनिधि रजत मोहन पाठक ने प्रगति पाठक के साथ इस पुस्तक की रचना की है। इसमें पारिवारिक कारोबार के प्रबंधन, उत्तराधिकार की योजना, नेतृत्व हस्तांतरण, पारिवारिक सामंजस्य और अगली पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने जैसे विषयों को शामिल किया गया है।पुस्तक का उद्देश्य उद्यमियों को ऐसे व्यावहारिक सूत्र उपलब्ध कराना है, जिनसे वे अपने कारोबार को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाते हुए उसकी निरंतरता सुनिश्चित कर सकें।
इस अवसर पर रजत मोहन पाठक ने आयोजकों, अतिथियों और सम्मेलन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पारिवारिक विरासत से मिले अनुभवों को पुस्तक के माध्यम से साझा करना उनके लिए गौरव के साथ एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।

