ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत, शव शिनाख्त के लिए मोर्चरी में सुरक्षित।
गाज़ीपुर :– नोनहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को रेल हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत होने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोनहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर यह दुर्घटना हुई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया।
घटनास्थल पर पहुंची नोनहरा थाना पुलिस ने शव की पहचान कराने की तमाम कोशिशें कीं, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई। शिनाख्त न हो पाने की स्थिति में पुलिस ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई करते हुए शव को मोर्चरी रूम (शवागार) में सुरक्षित रखवा दिया है। क्षेत्र के जाने-माने समाजसेवी कुँवर वीरेन्द्र सिंह ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। साथ ही, प्रशासन के सहयोग से मृतक की शिनाख्त जल्द से जल्द कराने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके। यदि किसी भी व्यक्ति को इस अज्ञात व्यक्ति के बारे में कोई भी जानकारी या उनके गायब हुए किसी परिजन के संबंध में कोई सुराग मिले, तो वह तुरंत थाना नोनहरा, गाजीपुर या स्थानीय पुलिस से संपर्क कर सकता है। (विकास सिंह की रिपोर्ट)

