जमानियां । रामलीला मैदान में व्यापार मण्डल अध्यक्ष सतीश कुमार जायसवाल, नारायण दास और अन्य व्यापारीगण ने नगर पालिका परिषद के द्वारा लगाए गए अवैध लाइसेंस शुल्क के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में व्यापारियों ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष के खिलाफ शिकायती ज्ञापन पत्र सौंपा, जिसमें चार प्रमुख मांगों का उल्लेख किया गया था। व्यापारीगण ने इन समस्याओं के निस्तारण के लिए एक सप्ताह का समय निर्धारित किया था।
ज्ञापन पत्र में उठाए गए बिंदुओं पर ध्यान देते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा कार्यालय के माध्यम से व्यापारियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश उपजिलाधिकारी द्वारा दिए गए थे। इसके बाद 18 दिसंबर को नगर पालिका परिषद द्वारा अपनी आख्या प्रस्तुत की गई। जिसमें उपविधि नियमावली 2024 के संबंध में सभी सुझावों और आपत्तियों को आगामी बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। यदि बोर्ड द्वारा प्रस्ताव स्वीकृत किया जाता है। तो इसके बाद ही नियमों के तहत गजट में प्रकाशित कर इसे लागू किया जाएगा। नगर पालिका परिषद ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि बोर्ड की बैठक शीघ्र बुलाकर सभी आपत्तियों का निस्तारण किया जाए और उसके बाद ही कोई अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। व्यापारीगण अब बोर्ड की बैठक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। यदि नगर पालिका परिषद इस मुद्दे का शीघ्र समाधान नहीं करती है, तो व्यापारीगण आंदोलन को और तेज कर सकते हैं। इस समय व्यापारियों पर दबाव बढ़ा हुआ है और उनका लक्ष्य अपने हितों की रक्षा के लिए परिषद से न्याय प्राप्त करना है।


