समाधान दिवस पर 474 शिकायतें दर्ज मौके पर 24 का निस्तारण
गाजीपुर। 07 दिसम्बर 2024 — जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम तहसील मुहम्मदाबाद में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में हुआ। इसमें कुल 163 शिकायतें और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया।
जिले की सातों तहसीलों से कुल 474 शिकायतें और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 24 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। तहसीलवार प्राप्त शिकायतों की बात करें तो, जखनियां में 107 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 5 का निस्तारण मौके पर किया गया। जमानियां में 26 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 2 का निस्तारण किया गया। सदर तहसील में 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का निस्तारण मौके पर किया गया। कासिमाबाद में 44 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का निस्तारण हुआ। सेवराई में 23 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 2 का निस्तारण किया गया। सैदपुर में 59 शिकायतें आईं, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस के साथ-साथ आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भी समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी सुनील पाण्डेय, डीएफओ, उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद मनोज पाठक, परियोजना निदेशक राजेश यादव, तहसीलदार मुहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


