उत्तर प्रदेश के लिए एक और नया तोहफ़ा, 40 हजार सिपाहियों की और भर्ती और लाखों युवाओं को मिलेगा रोज़गार।
पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत सीटें बेटियों के लिए सुरक्षित रखी गई हैं।
लखनऊ-: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने युवाओं को बड़ा तोहफा देने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दो साल में दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। पुलिस में सिपाही के 60 हजार पदों पर भर्ती चल रही है। इसके बाद 40 हजार सिपाहियों की और भर्ती की जाएगी।
एक लाख नौकरियां अन्य विभागों में दी जाएंगी। सपा के विधायक रहे इरफान सोलंकी को सात साल की सजा होने के बाद सीसामऊ में होने वाले उपचुनाव को देखते हुए बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री ने जीआईसी (राजकीय इंटर कॉलेज) चुन्नीगंज में जनसभा को संबोधित किया । उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत सीटें बेटियों के लिए सुरक्षित रखी गई हैं।
इस बहाने उन्होंने सपा पर हमला भी किया। कहा कि पुलिस में भर्ती होने वाली यही बेटियां सपा के शोहदों, गुंडागर्दी करने वालों का उपचार भी करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश के प्रस्तावों से एक करोड़ से अधिक नौजवानों को नौकरी देने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां की जनता ने भाजपा के दो सांसद जिताकर लोकसभा में भेजे हैं।
कानपुर को 725 करोड की विकास परियोजनाओं की दी सौगात -:
इसके बदले वह यहां की जनता को 725 करोड़ की विकास परियोजनाओं का तोहफा दे रहे हैं। सीएम ने इन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। सीएम योगी ने कहा कि कानपुर जाम की समस्या से मुक्ति की तरफ बढ़ रहा है।
कानपुर मेट्रो सिटी बन चुका है। पहले सीसामऊ में सीवर का नाला गंगा में उड़ेला जाता था। सीसामऊ हो या जाजमऊ, गंगा की अविरलता का आधार कानपुर बन रहा है। ये कभी गंगा की गंदगी का दोषी माना जाता था। सीएम ने कहा कि कानपुर के विकास के लिए सरकार के सबसे वरिष्ठ मंत्री को लगाया है।

