वायरल संक्रमण से आँखों मे हो सकता है कंजक्टिवाइटिस बैक्टीरियल -: डा० पंकज कुमार
नंदगंज- वायरल संक्रमण की वजह से लोगों में आंखों का संक्रमण (कंजक्टिवाइटिस) तेजी से फैल रहा है। मरीजों के आंखों में जलन, खुजली, लाल होना या सूजन जैसी समस्याएं पैदा हो गई हैं। घर के किसी व्यक्ति को संक्रमण होने पर पूरा परिवार को कंजक्टिवाइटिस से पीड़ित हो जा रहा है।
नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगंज के चिकित्सा प्रभारी डा० पंकज कुमार ने बताया कि आंख आना या पिंक ऑई को चिकित्सीय भाषा में कंजक्टिवाइटिस कहते हैं। अधिकांशतः बारिश में यह एक्यूट या क्रॉनिक दोनों ही रूपों में होती है। एक दो सप्ताह में यह स्वतः ठीक भी हो जाती है। लेकिन कई मरीजों में इसके गंभीर लक्षण दिखाई देते हैं।
ऐसे में आंखों के संक्रमण की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए और जितनी जल्दी हो सके डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। डा० पंकज ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन 10 से अधिक कंजक्टिवाइटिस से पीड़ित मरीज आ रहे हैं । उन्होंने सलाह दी कि बच्चों को संक्रमण होने पर स्कूल नहीं भेजें। हाथों को धोना न भूलें और हाथ से आंखों को छूने से बचें।
अपनी तौलिया एवं रुमाल किसी के साथ साझा न करें। धूप के चश्मे का प्रयोग करें। इसी कड़ी में महिला चिकित्सक डॉ. शालिनी भास्कर ने बताया कि कंजक्टिवाइटिस बैक्टीरियल, वायरल के साथ-साथ हैमरेजिक भी होते हैं। कंजक्टिवाइटिस जिस आंख में हुआ है, उसी करवट सोना चाहिए। ऐसे में एंटीबायोटिक आई-ड्रॉप, ऑयंटमेंट लगाने की सलाह दी ।

