स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सत्र का हुआ आयोजन
जमानियां। बरूईन स्थित एसआरएनएसएस पब्लिक स्कूल, में कन्यादान फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। बता दे कि बरुईन, एसआरएनएसएस पब्लिक स्कूल, में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, गर्भाशय कैंसर तथा उसकी रोकथाम को लेकर एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का संचालन कन्यादान फाउंडेशन द्वारा किया गया, जिसकी टीम का नेतृत्व भावन दुबे ने किया। उनके साथ अंकिता सिंह, रानी विश्वकर्मा, प्रीति सिंह, रेखा पटेल, और पलक सिंह भी इस पहल में शामिल रहीं। इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक की सभी छात्राओं और महिला शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कन्यादान फाउंडेशन की टीम ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, गर्भाशय कैंसर की शुरुआती पहचान, और गुणवत्तापूर्ण सेनेटरी पैड के उपयोग के महत्व के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। एसआरएनएसएस पब्लिक स्कूल कन्यादान फाउंडेशन के इस सराहनीय प्रयास की सराहना करता है, जिसने छात्राओं को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान कर एक जागरूक और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दिया।

