जमानियाँ (गाजीपुर)। क्षेत्र में लगातार विद्युत विभाग की लापरवाही से ट्रान्सफार्मर जलने का क्रम जारी है ,वही उपभोक्ता ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए दर-दर की ठोकरे भी खा रहे है। बता दे की विद्युत विभाग के 72 घंटे में ट्रान्सफार्मर बदलने का दावा हवा हवाई साबित हो रहा है।

कई गांवों में ट्रांसफार्मर जले हुए हैं, लेकिन समय पर विभाग उनको न तो बदल पा रहा है और न ही सुधार कार्य करा पा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को अच्छी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तहसील क्षेत्र के ग्राम लहुआर में 25 केवीए, करमहरी 63 केवीए, ताजपुर-गायघाट 25 केवीए, गड़ही 63 केवीए, दरौली 63 केवीए, जुनेदपुर स्टेट ट्यूबवेल 25 केवीए, सरुझा 25 केवीए, सोनहरिया 25 केवीए का ट्रान्सफार्मर महीनों से जला हुआ है लेकिन विभाग उपभोक्ताओं को सिर्फ आश्वासन का घूट पिला कर गुमराह कर रहा है।

वही ताजपुर-गायघाट व गड़ही का ट्रान्सफार्मर बीते 2 माह से कई बार जला तथा विभाग द्वारा कई बार लगवाया गया लेकिन ट्रान्सफार्मर लगाने के कुछ ही दिन बाद जल जा रहा है और तो और स्टेट ट्यूबेल का ट्रांसफार्मर नहीं बदलने से नलकूप का संचालन भी नहीं हो पा रहा जिसे किसानों की धान रोपाई का काम बाधित हो रहा है। शिकायत के बावजूद भी अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद लगातार ग्रामीण क्षेत्रीय व जिला मुख्यालय के अधिकारियों को अपनी समस्या बता रहे हैं, लेकिन उसमे सुधार के लिए कोई पहल नहीं की जा रही, जिससे ग्रामीणों की दिन प्रतिदिन समस्या और बढ़ती जा रही है। ऐसे में न सिर्फ फसलों की सिंचाई आदि प्रभावित हो रही है बल्कि दैनिक जीवन के कार्यों में भी बढ़ा उत्पन्न हो रही हैं। वही क्षत्रिय समाज सेवक ताजपुर ग्राम प्रधान आजाद यादव, गड़ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कृष्णानंद आदि ने बताया कि ट्रांसफार्मर बार-बार जलने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई। जला हुआ ट्रान्सफार्मर अभी तक नहीं बदला गया है। उच्चाधिकारियों के यहाँ बार-बार गुहार लगाने के बाद भी न ट्रांसफार्मर बदला गया और न ही क्षमता वृद्धि की जा रही है। इस सम्बन्ध में अधिशासी अभियन्ता हेमन्त कुमार सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि के लिए स्टीमेट भेजा गया है तथा जल्द ही जला हुआ ट्रांसफार्मर बदला जायेगा।

