गाज़ीपुर शहीद सीताराम राय की पुण्यतिथि पर क्षेत्रवासियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
गाजीपुर:- बलिदानियों की पावन धरती शेरपुर कलां में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं ‘जिंदा शहीद’ के नाम से विख्यात स्व0 सीताराम राय की पुण्यतिथि पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोगों और प्रबुद्धजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके अदम्य साहस को याद किया। देशभक्ति और जीवटता की अनूठी मिसाल कार्यक्रम के दौरान युवा समाजसेवी हिमांशु राय ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अंग्रेजी सैनिकों की गोलियां लगने के बावजूद स्व. सीताराम राय ने जिस अदम्य साहस का परिचय दिया, वह इतिहास में अमर है।
स्थानीय वृत्तांतों के अनुसार, उन्हें तीन से चार गोलियां लगी थीं और अंग्रेजों ने उन्हें मृत समझकर बेसो नदी की ओर ले जाने का प्रयास किया था, लेकिन इसके बावजूद वे चमत्कारिक रूप से जीवित बच गए। उनकी इसी असाधारण जीवटता और देशभक्ति के कारण उन्हें ‘जिंदा शहीद’ के रूप में जाना जाता है। वक्ताओं ने साझा किए विचार। नारायण उपाध्याय ने कहा कि बाबू साहब बेहद जिंदादिल इंसान थे।
वे हमेशा समाज के लोगों को एकजुट होकर चलने की प्रेरणा देते थे। उनके आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। डॉ. आलोक राय ने उनके ओजस्वी व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्षपूर्ण जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है। दिनेश चंद्र राय चौधरी ने उनसे जुड़ी पुरानी यादें साझा कीं, वहीं भाजपा नेता राजेश राय बागी ने उनके स्वतंत्रता संग्राम के योगदान को नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता रवींद्रनाथ राय ने की तथा कार्यक्रम का सफल संचालन ओमप्रकाश मिश्र ने किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान विद्यासागर गिरी, शशिधर राय, डॉ. सुरेश राय, डॉ. रमेश राय, आनंद राय, बूच्चू उपाध्याय, प्रदीप राय, छोटू राय और आशीष उपाध्याय सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ( विकास सिंह की रिपोर्ट)

