Homeधार्मिकजमानिया में महर्षि जमदग्नि ऋषि की प्रतिमा स्थापना का भव्य आगाज: उमड़ी...

जमानिया में महर्षि जमदग्नि ऋषि की प्रतिमा स्थापना का भव्य आगाज: उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजे जयकारे।

जमानिया में महर्षि जमदग्नि ऋषि की प्रतिमा स्थापना का भव्य आगाज: उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजे जयकारे।

जमानिया :– इतिहास और आध्यात्म की नगरी जमानिया की धरती शनिवार को महर्षि जमदग्नि ऋषि के जयकारों से पूरी तरह गूंज उठी। अवसर था महर्षि जमदग्नि ऋषि की प्रतिमा स्थापना के तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा एवं भव्य समारोह का।
आयोजन के पहले ही दिन निकली विशाल कलश यात्रा ने पूरे नगर में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था का अद्भुत नजारा पेश किया। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान कर दिया।शनिवार सुबह से ही जमानिया नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। तीन दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान का आगाज आदर्श नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता द्वारा कलश उठाकर और यात्रा का शुभारंभ करके किया गया।

कलश यात्रा ब्लॉक तिराहा स्थित स्मारक स्थल से प्रारंभ हुई। इसके बाद यह मुख्य मार्गों—पांडेय मोड़, साह का कुआं और सट्टी बाजार से होती हुई पवित्र बलुआ घाट पर संपन्न हुई।
बलुआ घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलभरी की और कलशों में पवित्र जल भरकर पुनः आयोजन स्थल की ओर लौटे।

पूरे यात्रा मार्ग पर स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। “महर्षि जमदग्नि ऋषि की जय” के उद्घोष से पूरा नगर गूंज उठा। समारोह के प्रथम दिन विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य लोग और राजनीतिक हस्तियां भी महर्षि जमदग्नि ऋषि को नमन करने पहुँचीं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विनय शंकर तिवारी विशेष रूप से इस आयोजन में शामिल हुए।

उन्होंने महर्षि जमदग्नि ऋषि की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आयोजन समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। आयोजन की भव्यता और उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। किसी भी प्रकार की असुविधा या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए यात्रा मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल के जवानों की तैनाती की गई थी।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्जन और निगरानी रखी गई। पुलिस प्रशासन के सहयोग से कलश यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासनबद्ध तरीके से संपन्न हुई। महर्षि जमदग्नि ऋषि की प्रतिमा स्थापना को लेकर जमानिया क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। तीन दिवसीय इस अनुष्ठान के पहले दिन ही जिस प्रकार जनसैलाब उमड़ा है, उसने यह साबित कर दिया है।

कि स्थानीय लोगों में अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के प्रति गहरी आस्था है। आयोजन समिति के अनुसार, आने वाले दो दिनों में भी कई धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम संपन्न होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

संबंधित खबर

Most Popular

Recent Comments