नंदगंज में रोजाना तार टूटने एवं फाल्ट के नाम पर हो रही बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में आक्रोश।
नंदगंज- नंदगंज बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों लगातार फाल्ट के नाम पर बिजली कटौती और रोजाना बिजली का तार टूटने को लेकर उपभोक्ताओं एवं व्यापारियों में जबर्दस्त आक्रोश है।

जबरदस्त बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग एवं लो वोल्टेज को लेकर कभी भी विद्युत उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट सकता है। इस ऊमस भरी भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था ठीक नहीं होने से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के व्यापारियों एवं बिजली उपभोक्ताओं का कहना है कि महीनों से बिजली की व्यवस्था खराब चल रही है। कभी भी सुचार रुप से लगातार बिजली नहीं मिली। एक महिने से नंदगंज बाजार में बिजली के जर्जर तार कहीं न कहीं रात में प्रतिदिन टूट रहे हैं। जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो जा रही है।
अभी बीते मंगलवार की रात 9 बजे नंदगंज पश्चिमी रेलवे क्रासिंग के समीप केबिल जलने तथा उसी रात करीब 2 बजे बाजार स्थित मुन्नन सिंह की गली के पास तार टूटने से नंदगंज उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति बंद हो गयी। जिसकी वजह से उमस भरी रात में सभी लोग परेशान हो गये।मुख्य रुप से बुजूर्गों तथा मासूम बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
एसडीओ प्रदीप कुमार ने कहा कि जर्जर तारों को बदलने की व्यवस्था की जा रही है। तार उपलब्ध होते ही जर्जर तार बदल दिया जायेगा।लो वोल्टेज की समस्या को देखते हुए तीन दिन पूर्व वोल्टेज बढ़ाया गया है।जो अब साढ़े दस और 11 हजार के बीच वोल्टेज मिल रहा होगा।

