रास्ते के विवाद को लेकर महिलाओं से अभद्रता व धक्का-मुक्की, सीओ को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग।
जमानिया (गाजीपुर): कस्बा स्थित बलूआ घाट चौधरी मोहल्ले में सैकड़ों वर्ष पुराने रास्ते के विवाद को लेकर दबंगों द्वारा घर के दरवाजे के पास मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) जमानिया को लिखित शिकायती पत्र देकर नामजद व कई अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डंडा-झाड़ू लेकर पहुंचे उपद्रवी, दी जान से मारने की धमकी दी। बलूआ घाट निवासी पूजा चतुर्वेदी पुत्री उदय प्रताप चौबे ने पुलिस उपाधीक्षक/क्षेत्राधिकारी को दी गई तहरीर में बताया कि बीते शनिवार (14 सितंबर) की दोपहर करीब दो बजे वह अपने परिवार की अन्य महिलाओं के साथ घर के दरवाजे के पास मौजूद थीं। इसी दौरान जयप्रकाश गुप्ता, अनिल गुप्ता उर्फ मिठ्ठू, संजीत यादव, दानिश मंसूरी उर्फ शेरु, रमेश राम, सन्तोष राम और नन्दा रावत करीब 20 अज्ञात लोगों के साथ हाथों में लाठी-डंडा और झाड़ू लेकर उनके दरवाजे पर आ धमके।
आरोप है कि सभी एकजुट होकर महिलाओं को मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। मुख्य आरोपी के उकसाने पर उपद्रवियों ने महिलाओं के साथ खींचतान व हाथ पकड़कर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। “रास्ता बंद करेंगे, बीच में आए तो जान गंवानी पड़ेगी” आरोपियों ने यह कहते हुए धमकाया कि “यह रास्ता नहीं है, हम इसे बंद करेंगे और जो भी विरोध करेगा, उसका बुरा अंजाम होगा।” चीख-पुकार सुनकर आसपास के भारी संख्या में ग्रामीण व मोहल्ले के लोग मौके पर जुट गए और बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जाते-जाते आरोपी यह धमकी देते हुए फरार हो गए कि अगली बार अगर किसी ने बीच में आने की कोशिश की, तो उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ेगा।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस
पीड़िता का कहना है कि पूरी घटना का वीडियो मौजूद है, जो स्थानीय स्तर पर काफी वायरल हो रहा है। मौके पर अरविंद वर्मा, मुन्ना गुप्ता समेत कई स्थानीय लोग मौजूद थे, जो घटना के चश्मदीद गवाह हैं।
पीड़िता ने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों का संज्ञान लेते हुए मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

