जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के असैचन्दपुर गांव में एक व्यक्ति के दरवाजे पर कुछ मनबढ़ लोगों द्वारा तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित रविरंजन सिंह ने थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह को दी गई तहरीर में बताया कि 24 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे गांव के ही मोनू सिंह, नवीन सिंह और पड़ोसी गांव अभईपुर निवासी संदीप सिंह उनके दरवाजे पर पहुंचे। जब वह घर के अंदर चले गए, तो संदीप सिंह गाली-गलौज करने लगा और दरवाजे पर रखी 10 कुर्सियां उठा ले गया, जिन्हें तीनों लोगों ने मिलकर तोड़ डाला।
रविरंजन सिंह के अनुसार, यह पूरी घटना उनके घर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपित दबंग प्रवृत्ति के हैं और उनके परिवार से पुरानी रंजिश चली आ रही है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उनके दादा की हत्या भी आरोपियों के परिवार द्वारा की गई थी और अब उन्हें भी जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

