राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के खिलाफ 16 राज्यों में एकसाथ सबसे बड़ी कार्यवाही, 93 ठिकानों से 106 लोगों को किया गया गिरफ्तार।
लखनऊ- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के नेतृत्व में कई एजेंसियों ने आतंकी कनेक्शन में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के खिलाफ 16 राज्यों में एकसाथ छापे मारे।
इस दौरान 93 ठिकानों से 106 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पीएफआई का गढ़ कहे जाने वाले केरल से सर्वाधिक 22 लोग गिरफ्तार किए गए। इसमें संगठन का अध्यक्ष ओएमए सलाम भी शामिल है। जबकि महाराष्ट्र व कर्नाटक से 2020 को पकड़ा गया है। पीएफआई पर आतंकी गतिविधियों के लिए मदद व फंडिंग का आरोप है। छापे में गैरकानूनी दस्तावेज, नकदी, धारदार हथियार व कई डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए।
यूपी के छह जिलों से आठ गिरफ्तार-
लखनऊ और गाजियाबाद के मुरादनगर में एक समेत यूपी के छह जिलों से 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एनआईए ने लखनऊ में मो. वसीम अहमद उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया है। उसके पास से कई राष्ट्रविरोधी दस्तावेज के साथ लैपटॉप, तीन मोबाइल, डायरी, बैंक पासबुक बरामद हुए हैं।
वसीम का दोस्त भी हिरासत में लिया गया है।बहराइच से कमरुद्दीन, बाराबंकी से नदीम व शामली के मामौर गांव से मौलाना साजिद को एजेंसी साथ ले गई है।वाराणसी के आदमपुर व जैतपुरा से तीन संदिग्ध पकड़े हैं। नदीम को पीएफआई यूपी का कोषाध्यक्ष बताया जा रहा है। उसके पास से मोबाइल, लैपटॉप, डायरी एजेंसी ले गई है। साजिद सीएए विरोधी प्रदर्शन में गिरफ्तार हुआ था।
बुधवार आधी रात के बाद 3:30 बजे राज्यों में एक साथ हुई कार्रवाई में तमिलनाडु से 10, असम से 9, आंध्र प्रदेश से 5, मध्य प्रदेश से 4, पुडुचेरी और दिल्ली से 3-3 व राजस्थान से 2 व्यक्ति गिरफ्तार किए गए। तेलंगाना, प. बंगाल, गोवा, बिहार और मणिपुर में भी संगठन के दफ्तरों पर छापे पड़े।
इस दौरान आतंकी फंडिंग, प्रशिक्षण शिविर और लोगों को आतंकी संगठनों में भर्ती के लिए प्रेरित करने वाली गतिविधियां चलाने वालों के ठिकानों को निशाने पर रखा गया ।एनआईए पीएफआई के खिलाफ 19 मामलों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि पीएफआई व इसके नेताओं के खिलाफ आतंकी गतिविधियों व
फंडिंग के मामले में मिली सूचनाओं के आधार पर दर्ज 5 मामलों में यह कार्रवाई हुई है। ऑपरेशन की तैयारी अरसे से चल रही थी। सूत्रों ने बताया, एजेंसियों ने आतंकी गतिविधियों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर एनआईए को सौंपी थी। इसमें संगठन की देशविरोधी गतिविधियों और विदेशी चंदे का जिक्र है। एनआईए ने पिछले महीने भी इसके 40 ठिकानों पर कार्रवाई कर कई लोगों को हिरासत में लिया था

